गाजियाबाद में स्पा सेंटर पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 23 महिलाएं रेस्क्यू, पांच ग्राहक समेत छह हिरासत में
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कौशांबी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम पुलिस ने एक स्पा सेंटर पर छापेमारी कर कथित देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान 23 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि पांच ग्राहकों और स्पा सेंटर के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया। पुलिस बरामद साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, वैशाली सेक्टर-4 स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित स्पा सेंटर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। शनिवार शाम करीब सात बजे मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद पुलिस टीम ने बिना किसी भनक के स्पा सेंटर पर दबिश दी।
छापेमारी शुरू होते ही स्पा सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने सभी कमरों की तलाशी लेकर वहां मौजूद महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। तलाशी के दौरान कुछ संदिग्ध एवं आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही स्पा सेंटर के संचालन, उससे जुड़े लोगों और कथित नेटवर्क की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है।
