रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण के लिए मांगे गये आवेदन
39 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों की छात्राओं को मिलेगा तीन माह का आत्मरक्षा प्रशिक्षण
-प्रशिक्षक जुलाई तक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कर सकते हैं आवेदन
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खान
रामपुर जिला विद्यालय निरीक्षक अंजलि अग्रवाल ने बताया कि शासन की महत्वाकांक्षी “रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण” योजना के अंतर्गत जनपद रामपुर के चयनित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 39 राजकीय हाईस्कूल एवं इंटर कॉलेजों में अध्ययनरत छात्राओं को अगस्त, सितंबर एवं अक्टूबर 2026 तक तीन माह का आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चयनित प्रशिक्षकों को प्रतिदिन 40-40 मिनट की अवधि के अनुसार आवंटित तीन राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देना होगा। प्रशिक्षण कार्य के लिए प्रत्येक प्रशिक्षक को ₹5,000 प्रतिमाह मानदेय प्रदान किया जाएगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि प्रशिक्षक के लिए मार्शल आर्ट में ब्लैक बेल्ट होना अनिवार्य है। चयन प्रक्रिया में महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवंटित विद्यालयों तक आने-जाने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा अतिरिक्त धनराशि देय नहीं होगी।
उन्होंने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपना आवेदन पत्र 20 जुलाई, 2026 तक कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, रामपुर में अनिवार्य रूप से जमा कर दें। निर्धारित तिथि के उपरांत प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र कार्यालय जिला विद्यालय निरीक्षक, रामपुर से कार्यालय अवधि में प्राप्त किए जा सकते हैं।
