मतदान केंद्रों की प्रारूप सूची प्रकाशित, 18 जुलाई तक आमजन एवं राजनीतिक दलों से मांगे गए सुझाव

रामपुर संसदीय क्षेत्र की 5 विधानसभा सीटों के लिए जारी हुई प्रारूप सूची

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

रामपुर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 25 तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 7-रामपुर संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली 34-स्वार, 35-चमरौआ, 36-बिलासपुर, 37-रामपुर तथा 38-मिलक (अ.जा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की प्रारूप (आलेख्य) सूची प्रकाशित कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि यह प्रारूप सूची 4 जुलाई, 2026 से 1 सप्ताह की अवधि के लिए प्रकाशित की गई है, ताकि आमजन एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल इसका अवलोकन कर सकें।

जिलाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों की प्रारूप सूची जनपद की आधिकारिक वेबसाइट Rampur.nic.in पर निःशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त संबंधित कार्यालयों में भी सूची का अवलोकन किया जा सकता है।

उन्होंने जनसामान्य एवं राजनीतिक दलों से अपील की है कि यदि मतदान केंद्रों या मतदेय स्थलों के संबंध में कोई आपत्ति अथवा सुझाव हो तो उसे 18 जुलाई, 2026 तक लिखित रूप में जिला निर्वाचन कार्यालय, रामपुर, संबंधित उप जिलाधिकारी/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा तहसीलदार/सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में प्रस्तुत किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि प्राप्त होने वाले सभी सुझावों एवं आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.