- Pankaj jha..✍️✍️✍️
वाराणसी। अयोध्या की रुदौली विधानसभा में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी रामभक्तों और कारसेवकों पर गोलियां चलवाते थे, वही आज रामभक्तों के सम्मान की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और सच्चाई को भलीभांति जानती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए सदियों तक संघर्ष हुआ, लेकिन कांग्रेस ने मंदिर निर्माण में हर संभव बाधा खड़ी की। यहां तक कि भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर भी सवाल उठाए गए। आज वही लोग अयोध्या और रामभक्तों के हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं।
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी जांच गठित की गई है और जांच पूरी निष्पक्षता से होगी। उन्होंने कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी” होकर रहेगा, दोषी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अनर्गल बयानबाजी न करें और अयोध्या की गरिमा तथा करोड़ों रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने का प्रयास न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सुनियोजित तरीके से अयोध्या को बदनाम करने में लगे हैं।
सभा से मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि रामभक्तों की आस्था, राम मंदिर की प्रतिष्ठा और अयोध्या की गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
