- रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार
विंढमगंज(सोनभद्र)। महुली ग्राम पंचायत स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान पर आयोजित राजा बरियार शाह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में बघाडू, रेणुकूट और जाबर की टीमों ने शानदार जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। पहले मुकाबले में बघाडू ने आरसीबी को 60 रनों से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बघाडू ने 10 ओवर में 5 विकेट पर 155 रन बनाए, जिसमें बंटी ने 63 रनों की विस्फोटक पारी खेली। जवाब में आरसीबी की टीम 10 ओवर में 8 विकेट पर 95 रन ही बना सकी। बंटी को मैन ऑफ द मैच चुना गया और उन्हें जिला स्काउट कमिश्नर सत्यनारायण कन्नौजिया ने सम्मानित किया। दूसरे मुकाबले में रेणुकूट ने बंका पतरिहा (झारखंड) को 18 रनों से पराजित किया। रेणुकूट ने 8 ओवर में 7 विकेट पर 78 रन बनाए, जबकि जवाब में बंका पतरिहा की टीम 60 रन ही बना सकी। दीपक ने 2 ओवर में 6 रन देकर 3 विकेट झटकते हुए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अपने नाम किया।
तीसरे मुकाबले में जाबर और केजीएन दुद्धी की टीमें आमने-सामने रहीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए जाबर ने 8 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 134 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केजीएन दुद्धी की टीम निर्धारित ओवरों में 4 विकेट पर 87 रन ही बना सकी और जाबर ने 47 रनों से मुकाबला अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के दौरान आकर्ष चौबे और गोलू ने अंपायरिंग की जिम्मेदारी निभाई, जबकि जसवंत कुमार ने स्कोरर और सूरज कुमार ने कमेंट्री की भूमिका का सफल निर्वहन किया। लगातार रोमांचक मुकाबलों से क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
