बीएलओ व सुपरवाइजर ने लिया एसआईआर प्रक्रिया का प्रशिक्षण

ऐलनाबाद, 11 जून(एम पी भार्गव): रानिया विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी और त्रुटि-रहित बनाने के लिए राजकीय महाविद्यालय ऐलनाबाद में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। अभियान के अंतिम दिन दो अलग-अलग पारियों में सत्र आयोजित किए गए। इस दो दिवसीय कार्यशाला में क्षेत्र के कुल 188 बीएलओ और 20 सुपरवाइजर्स ने भाग लेकर मतदाता सूची प्रक्रिया की बारीकियों को सीखा।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी और कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. रविंदर कुमार ने कहा कि देश की निर्वाचन प्रक्रिया को सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में बीएलओ और सुपरवाइजर्स की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान है। उन्होंने सभी से फील्ड में जाकर इस प्रशिक्षण का प्रभावी उपयोग करने की अपील की। मास्टर ट्रेनर साहिल पोपली ने ‘डमी ऐप‘ के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं का लाइव प्रदर्शन किया। उन्होंने नए फॉर्म भरने, जरूरी दस्तावेजों की जांच करने और डिजिटल डेटा अपलोड करने के तरीकों को विस्तार से समझाया। इसके साथ ही प्रशिक्षक महेंद्र सिंह ने रिकॉर्ड संधारण और काम के दौरान बढ़ती जाने वाली   सावधानियों पर महत्वपूर्ण टिप्स दिए।

एईआरओ सज्जन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चुनाव कानूनगो देवेंद्र सिंह ने भी काम की गुणवत्ता और उसे तय समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष बल दिया।कार्यक्रम का सफल मंच संचालन नरेंद्र सिंह शम्मी ने किया। इस प्रशिक्षण शिविर को कामयाब बनाने में समन्वय टीम के सदस्य नरेंद्र सिंह, महेंद्र कुमार, प्रीतम सिंह, मैन पाल और लखविंदर सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.