रामपुर अपडेट: पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
पुलिस अधीक्षक रामपुर द्वारा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन बोर्ड द्वारा आयोजित प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने केन्द्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों से परीक्षा संचालन के संबंध में जानकारी प्राप्त की । परीक्षा केन्द्रों पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करते हुए परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों की सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश द्वारों पर की जा रही सघन चेकिंग एवं अन्य सुरक्षा प्रबंधों का भी जायजा लिया।
- केमरी रेल हादसे पर पूर्व विधायक संजय कपूर का प्रदर्शन, रेल मंत्री और प्रधानमंत्री से की कार्रवाई की मांग
रामपुर के बिलासपुर से पूर्व विधायक संजय कपूर ने केमरी क्षेत्र में हाल ही में हुए रेल हादसे को लेकर अधिकारियों से मुलाकात की और विभिन्न स्तरों पर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने इस संबंध में रेल मंत्री, प्रधानमंत्री तथा जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है कि पिछले दिनों केमरी में एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश है और लगातार ज्ञापन देकर सुरक्षा संबंधी उपाय किए जाने की मांग उठाई जा रही है।

पूर्व विधायक संजय कपूर ने अधिकारियों से मुलाकात के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और रेलवे प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से कार्य करना चाहिए।
इस मुद्दे पर जिला संवाददाता शाहबाज खान ने पूर्व विधायक संजय कपूर से विशेष बातचीत भी की, जिसमें उन्होंने घटना और अपनी मांगों को विस्तार से रखा।
- रामपुर में पुलिस-मुठभेड़ के बाद शातिर अभियुक्त गिरफ्तार, तमंचा और बाइक बरामद
रामपुर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शहजादनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान समीर पुत्र वशीर उर्फ बशीर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक अन्य खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त को संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर रोकने का प्रयास किया गया था। इस दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
