डी.ए.वी. सेनेटरी पब्लिक स्कूल में सात दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का हुआ सफल समापन

ऐलनाबाद, 03 जून (एम पी भार्गव ): डी.ए.वी. सेनेटरी पब्लिक स्कूल, वार्ड नंबर-10 ऐलनाबाद में पतंजलि योग परिवार के सहयोग से आयोजित पांच दिवसीय निःशुल्क योग शिविर जो की साधकों के उत्साह को देखते हुए सात दिन का किया गया था आज उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पतंजलि सोशल मीडिया हरियाणा सह-राज्य प्रभारी एवं मुख्य योग शिक्षक हेमराज सपरा, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सरोज सपरा तथा पतंजलि योग परिवार के सदस्यों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

मुख्य योग शिक्षक हेमराज सपरा ने ओउम्, गायत्री मंत्र एवं प्रार्थना के साथ योग सत्र की शुरुआत करवाई। इसके पश्चात योगिंग, जॉगिंग, प्राणायाम तथा विभिन्न योगासनों का संगीतमय अभ्यास करवाया गया। शिविर के दौरान योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तनावमुक्त रहने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया गया।

आज शिविर में विशेष अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी डॉ. सुरेन्द्र गुप्ता ने पतंजलि योग परिवार के सभी पदाधिकारियों का विद्यालय में निःशुल्क योग शिविर आयोजित करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान भाग-दौड़ भरे जीवन में प्रत्येक व्यक्ति को अपने लिए कुछ समय अवश्य निकालना चाहिए। योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर, प्रकृति से जुड़कर, संतुलित खान-पान अपनाकर तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देकर स्वस्थ एवं सुखी जीवन जिया जा सकता है।

Seven-Day Free Yoga Camp Concludes Successfully at D.A.V. Sanitary Public School

उन्होंने कहा कि आज विश्व साइकिल दिवस भी है। साइकिल चलाना न केवल एक उत्कृष्ट व्यायाम है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी प्रभावी माध्यम है। साइकिल ईंधन की बचत करती है, प्रदूषण कम करती है तथा शरीर को स्वस्थ, स्फूर्तिवान और ऊर्जावान बनाए रखती है। हमें छोटी-छोटी दूरियों के लिए साइकिल का अधिकाधिक उपयोग करने का संकल्प लेना चाहिए।

विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि— “साइकिल केवल एक साधन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण की पहचान है।”

“जो प्रतिदिन साइकिल चलाता है, वह स्वास्थ्य, पर्यावरण और राष्ट्रहित—तीनों की सेवा करता है।”

“योग और साइकिल, दोनों ही हमें प्रकृति के निकट ले जाकर निरोगी जीवन की ओर अग्रसर करते हैं।”

इस अवसर पर महिला संरक्षक नीरज कटारिया, महिला तहसील प्रभारी गीता बेनीवाल, ग्रामीण प्रभारी माता छिद्र कौर, योग शिक्षिका नीतू वारया, संगठन मंत्री डॉ. राज गोपाल बेनीवाल, महामंत्री मास्टर राजेन्द्र प्रसाद मनमौजी, योग शिक्षक भीम कानसरिया, बलराज सिंह कुका, हुक्म सिंह, स्कूल मैनेजमेंट के सदस्य वेद प्रिय गुप्ता, वेद मित्र गुप्ता, वेद ज्योति गुप्ता तथा स्टाफ सदस्य मिल्ख राज सिंह, श्याम लाल जिंदल, साहब राम, महेश मित्तल, नरेश तनेजा, शेर सिंह, विजय कुमार, गगन, मोहित, कपिल, राजरानी, भावना, आरती, किरण शर्मा, इंदू बंसल, सोनिया, भव्या, मोनिका गर्ग, नीलम चावला, मंजू गर्ग सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सिंहासन हास्यासन करवाया गया तथा सभी उपस्थितजनों को प्रतिदिन योग अपनाने एवं आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने का संदेश दिया गया।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.