- रिपोर्ट: मंजय वर्मा
मिर्जापुर के चिल्ह थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों से भारी मात्रा में नकदी बरामद की गई। बताया जा रहा है कि रुपये से भरे बैग ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में रुपयों की गिनती कराई गई।
नगर मजिस्ट्रेट ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि चिल्ह पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान दो बैग में रखी नकदी बरामद की थी। नकदी की गिनती के लिए बैंक से मशीन मंगाई गई। हालांकि अधिकारियों ने अभी बरामद रकम की सही जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, अभिनीत बंसल और भारत सिंह नामक व्यापारियों की गाड़ियों से यह रकम बरामद हुई है। दोनों वाहन मिर्जापुर में प्रवेश कर रहे थे, तभी पुलिस ने जांच के दौरान नकदी पकड़ी।
प्रशासन ने बरामद रकम को जब्त कर आयकर विभाग के अधिकारियों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित व्यापारी यदि रुपये के वैध स्रोत और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं, तो आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
