ऐलनाबाद, 24 मई (एम पी भार्गव) खंड के गांव मिठनपुरा स्थित पंचायत घर में जन सहारा सामाजिक चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में दूसरा नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ गांव के सरपंच अजय सोलंकी ने किया। शिविर के दौरान कुल 110 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई, जबकि 60 ग्रामीणों ने नेत्र जांच करवाई और ट्रस्ट द्वारा सभी मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई। शिविर में जनरल एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद सिहाग की टीम तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद सैनी की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कर ग्रामीणों को परामर्श दिया। इस अवसर पर सरपंच अजय सोलंकी ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होते हैं। इससे जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं और वे गंभीर बीमारियों से बच सकते हैं। उन्होंने ट्रस्ट के इस प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही। वहीं ट्रस्ट के प्रधान नरेश सिला ने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट आगे भी विभिन्न गांवों में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को लाभान्वित करता रहेगा।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि मेघाराम सोलंकी, धर्मवीर धौकरवाल, कृष्ण कुमार, बंसी ब्यावत, सुखदेव गुंदला, रिंकू रखरा, बृजलाल सोमानी, भीम कानसरिया, बलराज कुका, विनोद भांभू सहित अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।
