हरियाणा के Faridabad में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। मामला सेक्टर-2 स्थित प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र का है, जहां समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण एक गर्भवती महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक महिला बीती रात अपनी सास और देवर के साथ डिलीवरी कराने अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि उस समय अस्पताल के गेट पर ताले लगे हुए थे और काफी देर तक कोई स्टाफ मौजूद नहीं मिला।
महिला के देवर ने आरोप लगाया कि अस्पताल में समय पर डॉक्टर और स्टाफ नहीं मिलने की वजह से प्रसव सड़क पर ही कराना पड़ा। इस दौरान महिला की मां ने ही डिलीवरी कराई। बाद में महिला ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया।
परिवार के मुताबिक 12 साल बाद और दो बेटियों के जन्म के बाद घर में बेटे का जन्म हुआ है। हालांकि अस्पताल की लापरवाही के चलते यह खुशी बड़ा हादसा भी बन सकती थी।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
