लखीसराय में राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप के पांचवें दिन रोमांचक मुकाबले, कई टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं

लखीसराय(सरफराज आलम) के.आर.के. मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय सीनियर महिला फुटबॉल चैंपियनशिप-2026 के पांचवें दिन रोमांचक एवं मुकाबलों का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न जिलों की टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरपुर की टीम ने अरवल को 4-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। मैच के पहले हाफ में मुजफ्फरपुर ने एक गोल कर बढ़त बनाई। जर्सी नंबर 09 की खिलाड़ी नायरा ने 24वें मिनट में पहला गोल दागा। मध्यांतर के बाद नायरा ने 41वें मिनट में दूसरा गोल किया, जबकि 45वें मिनट में निक्की कुमारी ने तीसरा गोल दागा। 56वें मिनट में नायरा ने चौथा गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नायरा को “प्लेयर ऑफ द मैच” घोषित किया गया। इस मैच के मुख्य अतिथि के रूप में रजनीश रंजन उपस्थित रहे।दूसरे मुकाबले में लखीसराय और शिवहर के बीच खेले गए लीग मैच में लखीसराय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिवहर को 4-0 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में गीतांजलि कुमारी ने 36वें, 45वें और 53वें मिनट में तीन गोल दागकर हैट्रिक बनाई, जबकि सुषमा कुमारी ने 40वें मिनट में एक गोल किया। इस मैच में गीतांजलि कुमारी को “प्लेयर ऑफ द मैच” से सम्मानित किया गया।तीसरे मुकाबले में कैमूर की टीम ने बक्सर को 8-0 से पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। मैच के शुरुआती मिनटों से ही कैमूर का दबदबा कायम रहा। नीतू कुमारी, मनीषा कुमारी, सुनैना कुमारी, गुड़िया कुमारी, मीठी कुमारी एवं प्रियंका कुमारी ने गोल कर टीम को बड़ी जीत दिलाई।मैचों के सफल संचालन में मुख्य रेफरी एवं सहायक रेफरियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कॉमेंटेटर के रूप में पूर्णेन्दु शेखर, मनोज मेहता एवं सुशांत कुमार ने अपनी भूमिका निभाई।इस दौरान जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष अभिषेक पटेल, जिला फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंह, सचिव बबलू शर्मा सहित अन्य सदस्यों के सहयोग से प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया जा रहा है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.