मल्लाहनगर की गलियों में कीचड़ व जलभराव से ग्रामीण परेशान, जिम्मेदारों पर लापरवाही का आरोप

  • रिपोर्ट: हरिश्चंद्र कासगंज

कासगंज। जनपद के सोरों विकासखंड की ग्राम पंचायत मल्लाहनगर में इन दिनों कीचड़ और जलभराव की समस्या ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है। गांव के बाशिंदे गलियों में भरे पानी और कीचड़ के कारण भारी परेशानी झेलने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के बीच स्थित तिराहे पर चारों ओर पानी भरा हुआ है, जिससे आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। बच्चे, बुजुर्ग और स्कूली छात्र-छात्राओं को खासतौर पर निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि पूरे इलाके की गलियां कीचड़ और पानी से लबालब भरी हुई हैं।

बाइक सवारों के फिसलने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे कई बार लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं वाहनों के निकलने से आसपास के मकानों और राहगीरों के कपड़ों पर कीचड़ के छींटे पड़ रहे हैं। जलभराव के कारण मच्छरों और कीट-पतंगों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा इस मोहल्ले में कोई ठोस विकास कार्य नहीं कराया गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय कश्यप ने बताया कि गांव में उपलब्ध बजट के अनुसार विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने माना कि कुछ गलियों में समस्या अभी भी बनी हुई है, जिसे दूर करने का प्रयास किया जाएगा। भविष्य में बजट मिलने पर जलभराव की समस्या का समाधान करने की बात कही गई है।

इस दौरान जगदीश चंद्र, अरविंद कुमार, सुनील कुमार, रवि कुमार, दीपक, खुशीराम, जसबीर, राहुल, श्रीमती कृष्णा देवी, श्रीमती रूपवती, श्रीमती मोरकली, संजीव कुमार सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.