- रिपोर्ट: कपिल सिंह
बाराबंकी में उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित डीआरडीए गांधी सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यमंत्री खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति सतीश चंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्षा राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी मौजूद रहे।
इस मौके पर कलेक्ट्रेट परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉल का जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया गया। सूचना विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन कर उसकी सराहना भी की गई।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम के पश्चात आयोजित प्रेस वार्ता में जनप्रतिनिधियों ने जिले में हुए विकास कार्यों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरंतर विकास और प्रगति के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से प्रदेश में एक नए युग का निर्माण हो रहा है।
उन्होंने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को प्रदेश के सर्वांगीण विकास का आधार बताते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश की जनता को बेहतर सेवाएं और सुशासन मिल रहा है, जिससे लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
