रामपुर। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देशानुसार जनपद में बाल श्रम निरीक्षण अभियान के तहत श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा थाना प्रभारी एवं चाइल्ड लाइन रामपुर की संयुक्त टीम के साथ सदर तहसील क्षेत्र में सघन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट, ऑटोमोबाइल प्रतिष्ठानों एवं अन्य वाणिज्यिक संस्थानों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन के संबंध में व्यापक जन-जागरूकता सुनिश्चित की गई तथा संबंधित सेवायोजकों को बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों से गैर-खतरनाक श्रेणी में कार्यरत 5 किशोर श्रमिक चिन्हित किए गए। अधिनियम के उल्लंघन के मामलों में संबंधित सेवायोजकों के विरुद्ध नोटिस निर्गत करते हुए नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद में बाल एवं किशोर श्रम के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बच्चों के अधिकारों की रक्षा हो सके और उन्हें शिक्षा एवं सुरक्षित भविष्य का अवसर प्राप्त हो।
khabre junction
