रामपुर: जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं, दिव्यांग महेन्द्र सिंह को प्रदान की ट्राईसाईकिल

रामपुर। जनपद में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह ने दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं एवं मांग पत्रों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, अन्त्योदय कार्ड, विद्युत आपूर्ति, राजस्व प्रकरणों तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित अनेक फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जिलाधिकारी ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान तहसील सदर के हाथी खाना निवासी दिव्यांग फरियादी महेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि उन्हें दैनिक आवागमन एवं दिनचर्या के निर्वहन हेतु ट्राईसाईकिल की अत्यंत आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने उनकी समस्या को संवेदनशीलता के साथ संज्ञान में लेते हुए तत्काल जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को दूरभाष पर आवश्यक निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुपालन में तत्काल ट्राईसाईकिल उपलब्ध कराई गई, जिसे जिलाधिकारी ने अपने करकमलों से दिव्यांग महेन्द्र सिंह को प्रदान किया। ट्राईसाईकिल प्राप्त कर महेन्द्र सिंह ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

 

khabre junction

Leave A Reply

Your email address will not be published.