उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी बदायूं अवनीश राय के निर्देशानुसार जनपद में शुक्रवार को सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान ओवरलोडिंग, खनन, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और मोबाइल फोन का प्रयोग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 116 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
प्रवर्तन अभियान के तहत बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और मोबाइल फोन का उपयोग करते पाए जाने पर 107 वाहनों का चालान किया गया। वहीं खनन कार्य में ओवरलोड पाए गए 3 वाहनों को म्याऊं चौकी पर सीज किया गया। इसके अतिरिक्त अनाधिकृत रूप से सवारी ढोने वाले 3 वाहन तथा 3 ओवरलोड भारी वाहनों को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया।
कार्रवाई के दौरान विभिन्न मामलों में लगभग 2.5 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूल कर सरकारी खजाने में जमा कराया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।
khabre junction
