हरियाणा मॉडल से पंजाब को मिलेगा विकास का नया रास्ता, भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है: नायब सैनी

प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में पंजाब बनेगा देश का अग्रणी राज्य

हरियाणा, 07 फरवरी (डॉ. एम.पी. भार्गव)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आने वाला समय भारतीय जनता पार्टी का है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में पंजाब देश का अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही पंजाब में विकास की रफ्तार तेज होगी और केंद्र सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं ज़मीन पर प्रभावी ढंग से लागू की जाएंगी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंजाब के गांव पंजौला में आयोजित सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजक सतपाल पुनिया ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ व सिरोपा भेंट कर भव्य स्वागत किया।

हरियाणा बना किसान-हितैषी राज्य
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है। किसानों की फसल मंडी में पहुंचते ही 48 घंटे के भीतर भुगतान सीधे उनके खातों में किया जा रहा है। प्राकृतिक आपदा से फसल खराब होने पर मुआवजा भी सीधे किसानों के खाते में भेजा जाता है, जिससे किसान स्वयं को सुरक्षित और आत्मनिर्भर महसूस कर रहे हैं।

संकल्प पत्र के वादे ज़मीन पर उतारे
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के वादों को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा। 217 संकल्पों में से पहले चरण में 60 वादे पूरे किए जा चुके हैं और शेष पर तेजी से काम चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और हरियाणा का सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्ता है, इसलिए विकास का मॉडल भी साझा होना चाहिए।

लाडो लक्ष्मी योजना से महिलाओं को सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं, जिसके लिए बजट में 5000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं पंजाब में महिलाओं को 1100 रुपये देने की घोषणा अब तक पूरी नहीं हो पाई है, जो भाजपा और अन्य दलों के काम करने के तरीके में स्पष्ट अंतर दर्शाती है।

आवास, प्लॉट और मालिकाना हक के ठोस फैसले
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लगभग 1.50 लाख लोगों को मकान उपलब्ध कराए गए हैं। साथ ही 27 हजार पात्र परिवारों को 100-100 गज के प्लॉट और 14 शहरों में पहले चरण में 15 हजार लोगों को 30-30 गज के प्लॉट दिए गए हैं। पंचायती भूमि पर 20 वर्षों से रह रहे लोगों को मालिकाना हक भी प्रदान किया गया है।

स्वास्थ्य सुरक्षा में हरियाणा अग्रणी
उन्होंने कहा कि आयुष्मान और चिरायु योजना के तहत हरियाणा में 5 लाख रुपये तक का सालाना मुफ्त इलाज उपलब्ध है। अब तक करीब 25 लाख लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं और इस पर 4000 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इसके विपरीत पंजाब के मोहल्ला क्लीनिक केवल दिखावा साबित हुए हैं।

आप सरकार पर सवाल, श्वेत पत्र जारी करने की मांग
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब सरकार को चुनाव से पहले किए गए वादों पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में भ्रष्टाचार बढ़ा है, कानून व्यवस्था बिगड़ी हुई है और ईमानदारी की बात करने वाले खुद सवालों के घेरे में हैं।

बुजुर्गों को सम्मान, युवाओं को रोजगार
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा में बुजुर्गों को 3200 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जिससे 34.50 लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अलावा हैप्पी कार्ड योजना के तहत एक लाख रुपये से कम आय वाले परिवारों को 1000 किलोमीटर मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में 2 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

पंजाब को मिलेगा औद्योगिक हब का दर्जा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास जी के नाम पर रखकर करोड़ों अनुयायियों को सम्मान दिया है। जालंधर, लुधियाना और अमृतसर को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की गई है, जिसे भाजपा सरकार बनने पर पूरी मजबूती से लागू किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद महारानी परनीत कौर, विधायक अश्विनी शर्मा, जिला प्रधान सरदार जसपाल सिंह गंगौली, पंजौला के सरपंच सरदार जरनैल सिंह, कार्यक्रम आयोजक सतपाल पुनिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

khabre junction

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.