सोनभद्र: खड़ंजे की ईंट उखाड़कर नाली निर्माण का आरोप, ग्रामीणों में नाराजगी

  • रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार / शिवेंदु श्रीवास्तव

विंढमगंज (सोनभद्र)। दुद्धी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मुडिसेमर के मालिया नदी किनारे यादव बस्ती में विकास कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले से बने ईंट के खड़ंजे को उखाड़कर उन्हीं ईंटों से नाली का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे आवागमन में परेशानी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खड़ंजा होने से ग्रामीणों को नदी तक आने-जाने में सुविधा मिलती थी, लेकिन उसे जेसीबी से उखाड़ दिए जाने से रास्ता खराब हो गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य विनोद पासवान और ग्रामीण जय मौर्य ने मौके पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान प्रतिनिधि द्वारा मनमाने ढंग से पुराने खड़ंजे की ईंट निकालकर नाली निर्माण में लगाना विकास कार्यों में अनियमितता को दर्शाता है। उनका कहना है कि नाली निर्माण के लिए नई ईंटों का उपयोग किया जाना चाहिए था।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी धन के दुरुपयोग की नीयत से ऐसा किया जा रहा है। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सरजू यादव का कहना है कि नाली निर्माण में खड़ंजे की ईंटों का ही इस्तेमाल किया गया है और यदि ग्रामीणों को इस पर आपत्ति है तो ईंटों का भुगतान नहीं कराया जाएगा।
मौके पर विनोद, बनवारी, नितिस, जय मौर्य, मनोज, राकेश, हृदय कुशवाहा, चंदन, दिलीप, गोलू, उदय, राजेश, करमु यादव सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.