दिल्ली-एनसीआर में घनी धुंध और शीतलहर की शुरुआत, उत्तर भारत के कई शहरों में दृश्यता बेहद कम

नई दिल्ली, 08 दिसंबर।देशभर में मौसम ने करवट ले ली है और उत्तर भारत में ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता बेहद कम होने से ऑफिस, स्कूल और अन्य कार्यों के लिए निकलने वाले लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। मौसम विभाग ने आगाह किया है कि शाम तक ठंड और ज्यादा तेज हो सकती है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार कोहरे की गंभीर स्थिति वाले शहरों में दिल्ली, चंडीगढ़, अमृतसर, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, आगरा, टुंडला, नैनीताल और शिमला शामिल हैं। इन शहरों में तड़के से लेकर देर सुबह तक दृश्यता बेहद कम रहने के आसार हैं, जिससे सड़क हादसों की संभावना भी बढ़ सकती है।

दक्षिण भारत में लगातार बारिश का अनुमान

उधर, दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने तमिलनाडु के कई जिलों में 12 दिसंबर तक हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। दक्षिण कर्नाटक तट और आसपास के क्षेत्रों में बने कम दबाव का क्षेत्र इसका मुख्य कारण बताया जा रहा है।

तेज हवाओं और ऊंची लहरों की संभावना के चलते मछुआरों को दक्षिणी तमिलनाडु तट, मन्नार की खाड़ी और कुमारी सागर क्षेत्र में 10 दिसंबर तक समुद्र में न उतरने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में बढ़ेगी भीषण सर्दी

आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह दिल्ली में दिन में भी शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। हवा में अधिक नमी और सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन और बढ़ने वाली है।

यूपी-बिहार में अलर्ट

उत्तर प्रदेश में 10 से 12 दिसंबर तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे रेल और सड़क यातायात पर असर पड़ सकता है।
इसी तरह बिहार के पटना, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, गोपालगंज, भोजपुर, किशनगंज, अररिया और गया सहित 10 जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने वाली है। इसलिए लोग यात्रा के दौरान सावधानी बरतें और स्वास्थ्य की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.