शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर फिर संकट के बादल, ‘बेस्ट डील’ घोटाले में 60 करोड़ से ज्यादा की धोखाधड़ी का खुलासा
मुंबई। अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। ‘बेस्ट डील टीवी’ कंपनी के जरिए निवेशकों से कथित करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में नया और बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) की जांच में सामने आया है कि यह घोटाला केवल 60 करोड़ रुपये तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी राशि इससे कहीं अधिक हो सकती है।
ईओडब्ल्यू ने अब तक कंपनी के चार पूर्व कर्मचारियों — पूर्व मुख्य वित्त अधिकारी (CFO), पूर्व अकाउंटेंट और दो पूर्व निदेशकों के बयान दर्ज किए हैं। जांच एजेंसी पूरे वित्तीय लेन-देन और निवेश प्रक्रिया की गहराई से पड़ताल कर रही है। शाखा ने बताया कि जल्द ही एक फॉरेंसिक ऑडिटर नियुक्त किया जाएगा, जो कंपनी के बैंक खातों और वित्तीय रिकॉर्ड की विस्तृत जांच करेगा।
सूत्रों के अनुसार, इस घोटाले में राज कुंद्रा के अलावा कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की संभावना है, जिन्होंने कंपनी के फंड ट्रांसफर और वित्तीय अनियमितताओं में भूमिका निभाई है।
ईओडब्ल्यू जांच में क्या सामने आया:
जांच में पता चला कि निवेशकों का पैसा बार-बार राज कुंद्रा से जुड़ी कंपनियों के बीच ट्रांसफर किया जाता था। बेस्ट डील टीवी पर जब ग्राहक किसी प्रोडक्ट का ऑर्डर करता था, तो उस ऑर्डर को सीधे सेलर कंपनी से लेने के बजाय राज कुंद्रा की दूसरी कंपनी स्टेटमेंट मीडिया सॉल्यूशंस (SMS) को सौंपा जाता था। SMS प्रोडक्ट खरीदती और फिर अपनी ही कूरियर कंपनी एसएलएस लॉजिस्टिक्स के जरिए उसकी डिलीवरी कराती थी।
हालांकि बैलेंस शीट और निवेशकों को दिखाए गए दस्तावेजों में ऐसा प्रदर्शित किया जाता था कि सेवाएं अलग-अलग कंपनियों से ली जा रही हैं। जांच अधिकारियों के मुताबिक, SMS और SLS लॉजिस्टिक्स कंपनियों में भले ही राज कुंद्रा का नाम डायरेक्टर के रूप में दर्ज नहीं है, लेकिन दोनों कंपनियों के निदेशक उनके बेहद करीबी लोग थे।
इसके अलावा, यह भी खुलासा हुआ है कि SMS कंपनी ने कई वेंडरों को उतने पैसे नहीं दिए, जितने रिकॉर्ड में दिखाए गए हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि वित्तीय हेरफेर योजनाबद्ध तरीके से किया गया था।
ईओडब्ल्यू अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद मामला पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा। आरोप पत्र दायर करने से पहले यह रिपोर्ट जांच टीम को मिल जाएगी।
इन नए खुलासों के बाद राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ना तय माना जा रहा है, जबकि शिल्पा शेट्टी का नाम भी जांच के दायरे में आ सकता है।
