रामपुर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल कॉलोनी से व्यापार मंडल के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मंडी अध्यक्ष नीतीश अग्रवाल अपने व्यापारी साथियों के साथ मंडी समिति पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने मंडी समिति सचिव मनोज सूरी से मुलाकात कर मंडी की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की।
वार्ता के दौरान नीतीश अग्रवाल ने बताया कि मंडी समिति में हेड पंपों की स्थिति अत्यंत खराब है। सचिव द्वारा बताया गया कि मंडी में 20 हेड पंप हैं, जिनमें से 10 चालू हैं, लेकिन मौके पर निरीक्षण करने पर केवल 7 हेड पंप ही कार्यरत पाए गए। इन चालू हेड पंपों में से कई में कीड़े निकलने की शिकायत भी मिली, जिस पर नीतीश अग्रवाल ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सुरक्षा कर्मियों की लापरवाही और चोरी की घटनाओं के कारण उत्पन्न हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि जहां आलू वाला टिन शेड स्थित है, वहीं धान क्रय केंद्र स्थापित कर दिया गया है, जिससे व्यापारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। धान की सफाई के दौरान उठने वाली धूल और धुंध व्यापारियों की आंखों और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हो रही है।
मंडी अध्यक्ष ने यह भी बताया कि मंडी परिसर में जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ठप है और एक भी स्ट्रीट लाइट कार्यरत नहीं है। जगह-जगह गंदगी का अम्बार लगा हुआ है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ, तो “मंडी के व्यापारी बीमारियों की चपेट में आ जाएंगे।”
इस मौके पर प्रदेश मंत्री पप्पू खान, नूर अहमद, आजम खान, आमिर खान, शाहिद मामू सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सभी ने मंडी की दुर्दशा पर गहरी चिंता व्यक्त की और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई की मांग की।
