नसीराबाद में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई, रसद विभाग ने जब्त किए 14 घरेलू गैस सिलेंडर

कोटा रोड स्थित मकान पर छापा, LPG ऑर्डर-2000 का उल्लंघन पाया गया

अजमेर, 21 मई: रसद विभाग अजमेर ने नसीराबाद शहर में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 सिलेंडर और एक वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला रसद अधिकारी द्वितीय श्री नीरज जैन के निर्देश पर की गई।

शिकायत मिलने पर गठित किया गया जांच दल
जिला रसद अधिकारी को सूचना मिली थी कि निखिल गुर्जर नामक व्यक्ति लंबे समय से वाहनों में घरेलू गैस सिलेंडर से अवैध रिफिलिंग कर रहा है। इस पर प्रवर्तन अधिकारी श्रीमती रेणुका चतुर्वेदी, निरीक्षक श्री अतुल बडाया, महेन्द्र यादव और मुकेश बुगालिया की टीम गठित की गई।

आर्मी पेट्रोल पंप के सामने हुई छापेमारी
20 मई को कोटा रोड पर आर्मी पेट्रोल पंप के सामने स्थित निखिल गुर्जर के मकान और उससे सटे एक बाड़ेनुमा स्थान पर टीम ने छापा मारा। वहां से एक हुंडई ईऑन कार और 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

पुलिस का मिला सहयोग, मामला कोर्ट में भेजा जाएगा
छापेमारी के दौरान नसीराबाद शहरी थाना क्षेत्र के हेड कांस्टेबल कालूराम और रिंकू मीणा भी जांच दल के साथ मौजूद रहे। यह कृत्य एलपीजी ऑर्डर-2000 का उल्लंघन है और इसके तहत यह मामला अब ईसी एक्ट 1955 की धारा 6A में जिला कलेक्टर के न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

जिला रसद विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.