सम्पूर्ण समाधान दिवस बना औपचारिकता, समस्याओं का समाधान नहीं कर रहा मोदीनगर तहसील प्रशासन – बाबा परमेन्द्र आर्य

गांव रोरी में पंचायत का आयोजन, ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश

मोदीनगर, 21 मई: मोदीनगर तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली से नाराज़ गांव रोरी के ग्रामीणों ने पंचायत आयोजित कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। पंचायत की अध्यक्षता गांव के सबसे बुजुर्ग दादा राममेहर ने की, जिसमें ग्रामीणों ने सम्पूर्ण समाधान दिवस को केवल दिखावा बताया और आरोप लगाया कि प्रशासन प्रार्थना पत्रों पर कोई उचित कार्यवाही नहीं कर रहा है।

श्योराण खाप चौधरी बाबा परमेन्द्र आर्य ने लगाए गंभीर आरोप
पंचायत में श्योराण खाप के चौधरी बाबा परमेन्द्र आर्य ने कहा कि मोदीनगर तहसील प्रशासन द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस पर दिए गए प्रार्थना पत्रों को न तो पोर्टल पर डाला जा रहा है और न ही उनकी सुनवाई हो रही है। उन्होंने बताया कि सड़क पर बने अवैध रैम्पों के खिलाफ पांच बार आवेदन देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। केवल एक मामले में औपचारिक आख्या दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

टूटी सड़कों की मरम्मत को लेकर भी अनदेखी
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पानी की टंकी की खुदाई के दौरान टूटी सड़कों की मरम्मत को लेकर भी कई बार प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रशासन का यह ढुलमुल रवैया ग्रामीणों की परेशानियों को और बढ़ा रहा है।

बड़ी पंचायत और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने की तैयारी
पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब आसपास के सभी गांवों से संपर्क कर तहसील परिसर में एक बड़ी पंचायत का आयोजन किया जाएगा और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा ताकि उनकी समस्याओं पर शासन स्तर से संज्ञान लिया जा सके।

पंचायत में ये लोग रहे मौजूद
इस पंचायत में प्रमुख रूप से मनोज मुकदम, सुधीर कुमार, पप्पू, जयहिंद, अमरजीत, वेदपाल, अनमोल, हनुमान, अजित सिंह, कल्याण सिंह, मुकेश, रामनारायण, जोनी, ओमवीर, अमरपाल, विनोद आदि ग्रामीण उपस्थित रहे।

ग्रामीणों की यह पहल यह दर्शाती है कि यदि प्रशासन जन समस्याओं की अनदेखी करता है, तो जनता संगठित होकर अपनी आवाज़ उठाने को तैयार है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.