गाजियाबाद। जिला वृक्षारोपण समिति की मासिक बैठक गाजियाबाद के विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव गोपाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद, उप प्रभागीय वनाधिकारी तथा समिति के नामित एवं पदेन सदस्यों ने भाग लिया।
वृक्षारोपण स्थलों के निरीक्षण की तैयारी के निर्देश
बैठक के दौरान प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग गाजियाबाद ने जानकारी दी कि श्री सुशांत शर्मा, सचिव, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उत्तर प्रदेश को मेरठ मण्डल का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। उनका निरीक्षण कार्यक्रम जल्द ही जनपद गाजियाबाद में प्रस्तावित है। इस संदर्भ में सभी विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे वर्ष 2024-25 के दौरान किए गए वृक्षारोपण स्थलों का स्वयं निरीक्षण करें और चेकलिस्ट के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
विभागों को पंजिका संधारण और सूचना प्रेषण के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने स्तर पर वर्ष 2024-25 में कराए गए वृक्षारोपण की गणना करते हुए संबंधित पंजिका संधारित करें। साथ ही जिन विभागों ने अभी तक भूमि चिन्हांकन, गड्ढा खुदाई एवं कार्ययोजना की जानकारी नहीं दी है, वे तीन दिवस के भीतर यह सूचना प्रभागीय कार्यालय गाजियाबाद को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
सामंजस्यपूर्ण प्रयासों से वृक्षारोपण को मिले गति
मुख्य विकास अधिकारी ने यह भी कहा कि सभी विभागों के समन्वय से वृक्षारोपण कार्यक्रम को गति दी जा सकती है और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से प्राप्त किया जा सकता है।
