गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा उपाध्यक्ष महोदय के निर्देशानुसार अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में 15 मई 2025 को प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी अधिकारी श्री अशोक जैन के नेतृत्व में दो अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
मोरटी गांव में अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोज़र
राजस्व ग्राम मोरटी स्थित खसरा संख्या 600 पर लगभग 5000 वर्ग मीटर भूमि पर पूर्व निर्मित मिट्टी की सड़क के दोनों ओर अवैध प्लॉटिंग कर बाउंड्री वॉल का निर्माण किया गया था। निर्माण स्थल पर स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसके चलते उक्त निर्माण को अवैध घोषित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
नूरनगर सिहानी में 25000 वर्ग मीटर पर की गई कार्यवाही
इसी प्रकार श्री अंकुर, श्री संजू (पुत्र श्री सीताराम) एवं श्री सुनील द्वारा राजस्व ग्राम नूरनगर सिहानी, गाजियाबाद के खसरा संख्या 835 पर लगभग 25000 वर्ग मीटर भूमि पर सीवर लाइन और मिट्टी भराई का कार्य किया जा रहा था। यह भी बिना किसी स्वीकृति के अवैध रूप से किया जा रहा था, जिस पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई, सख्त संदेश
ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय कॉलोनाइज़र और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण की पुलिस बल की उपस्थिति में कार्रवाई को शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया गया। प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी अधिकारी ने सख्त चेतावनी दी कि बिना स्वीकृति के किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
जनसामान्य को किया गया सचेत, अभियान रहेगा जारी
प्राधिकरण द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई कि वे अवैध कॉलोनियों में भूखंड या भवन क्रय न करें। ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-1 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता उपस्थित रहे। जीडीए ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी माह में भी इसी प्रकार की ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
