ऐलनाबाद में तीन सरकारी विद्यालयों को मिले नए प्राचार्य, स्वागत में जुटा स्टाफ
मिठनपुरा विद्यालय में राजेश बाना ने संभाला प्राचार्य पद
- रिपोर्ट: एम पी भार्गव
ऐलनाबाद: खंड के गांव मिठनपुरा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में लंबे समय से रिक्त चल रहे प्राचार्य पद पर आज राजेश बाना ने कार्यभार संभाल लिया। राजेश बाना इससे पहले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुड़िया खेड़ा में अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता पद पर कार्यरत थे। शिक्षा विभाग द्वारा उन्हें पदोन्नति देकर प्राचार्य पद पर नियुक्त किया गया है।
पदभार ग्रहण करने पर विद्यालय स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर प्राचार्य राजेश बाना ने कहा कि उनका उद्देश्य विद्यालय में अनुशासन बनाए रखना, विद्यार्थियों में अच्छे संस्कार विकसित करना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना रहेगा, ताकि वे देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
इस अवसर पर गुड़िया खेड़ा विद्यालय के प्राचार्य उमेद सिंह ढाका, ऐलनाबाद कन्या विद्यालय के प्राचार्य कृष्ण कुमार खीचड़, प्रवक्ता रोहतास गोदारा, सुनील शर्मा, पंकज कुमार, लिपिक नरेश कुमार, सुरेश शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
भुरटवाला विद्यालय में देवीलाल सहारण ने संभाला प्राचार्य पद
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भुरटवाला में भी आज प्राचार्य देवीलाल सहारण ने कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्राचार्य सुनील कुमार, सतपाल गाट, सेवानिवृत्त प्राचार्य जगदेव फोगाट, बृजमोहन गाट सहित अन्य शिक्षकगण मौजूद रहे और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मॉडल संस्कृति विद्यालय ऐलनाबाद में विद्याधर बेनीवाल ने कार्यभार संभाला
इसी क्रम में मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऐलनाबाद में विद्याधर बेनीवाल ने प्राचार्य पद की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यभार ग्रहण समारोह में कार्यवाहक खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण गोदारा, प्राचार्य ओमप्रकाश तयश जसानिया, प्राचार्य प्रताप सिंह ढुकिया, प्रवक्ता बलबीर सिंह सिहाग, महेंद्र कासनिया, हरबंस सिहाग, सुरेश शर्मा आदि की उपस्थिति रही।
तीनों विद्यालयों में नए प्राचार्यों के आगमन से विद्यालय परिवार में नई ऊर्जा और उम्मीद की लहर देखने को मिली है।
