राशन वितरण के लिए 30 जून तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी अनिवार्य: घर बैठे भी पूरी कर सकते हैं प्रक्रिया

फर्जी लाभार्थियों पर लगेगी लगाम, राशन लेने में नहीं होगी परेशानी

  • रिपोर्ट: एमपी भार्गव

ऐलनाबाद, सिरसा: हरियाणा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के लाभार्थियों के लिए 30 जून तक शत-प्रतिशत ई-केवाईसी (e-KYC) अनिवार्य कर दी है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने बताया कि ई-केवाईसी पूरी न करने पर लाभार्थी को राशन लेने में परेशानी हो सकती है। वहीं, इस प्रक्रिया से फर्जी लाभार्थियों को डिपो से राशन प्राप्त करने से रोका जा सकेगा।

डिपो पर पीओएस मशीन के माध्यम से करवा सकते हैं ई-केवाईसी
मुकेश कुमार ने बताया कि लाभार्थी अपने आधार कार्ड के साथ नजदीकी राशन डिपो पर जाकर पीओएस (POS) मशीन पर अंगूठा लगाकर अपनी पहचान सत्यापित कर सकते हैं। इसके साथ ही उनकी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। यह प्रक्रिया सरल और तेज है, जिससे किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी।

घर बैठे मोबाइल ऐप के माध्यम से भी कर सकते हैं ई-केवाईसी
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने यह भी बताया कि लाभार्थी चाहें तो अपने मोबाइल से भी स्वयं ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें दो मोबाइल एप्लीकेशन — ‘मेरा ई-केवाईसी’ और ‘आधार फेसआरडी’ — को डाउनलोड करना होगा। इस प्रक्रिया के माध्यम से घर बैठे ई-केवाईसी आसानी से की जा सकती है।

घर बैठे ई-केवाईसी करने की प्रक्रिया इस प्रकार है:

  • गूगल प्ले स्टोर से ‘मेरा-ईकेवाईसी’ और ‘आधार-फेसआरडी’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर इंस्टॉल करें।
  • ‘मेरा-ईकेवाईसी’ ऐप खोलें और हरियाणा राज्य का चयन करें।
  • अपनी आधार संख्या दर्ज करें और ‘जनरेट ओटीपी’ पर क्लिक करें।
  • अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करें।
  • ई-केवाईसी की सहमति दें।

मोबाइल कैमरे की ओर देखकर पलकें झपकाएं, और चेहरा सफलतापूर्वक स्कैन होने पर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।

जल्द कराएं ई-केवाईसी, राशन सुविधा में न आए रुकावट
अंत में मुकेश कुमार ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे 30 जून से पहले ई-केवाईसी अवश्य पूर्ण कर लें, ताकि किसी को भी राशन प्राप्त करने में कोई बाधा न हो और पात्र लोगों को सरकार की इस योजना का पूरा लाभ मिल सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.