सड़क सुरक्षा क्विज कंपटीशन में 1.70 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल, 31 अगस्त से तीन स्तरों में होगी परीक्षा :- एसपी दीपक सहारन  

यातायात नियमों की जानकारी बचपन से देने की पहल, स्कूल-कॉलेजों में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कराएगा पुलिस विभाग : एसपी  

ऐलनाबाद ,सिरसा ( एम पी भार्गव )विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पुलिस की ओर से 31 अगस्त को स्कूलों और कॉलेजों में सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित करवाई जा रही है । सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता परीक्षा में जिले के करीब 848 सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों तथा 25 सरकारी व गैर सरकारी कॉलेजों में लगभग 1 लाख 70 हजार विद्यार्थी भाग लेंगे।

इस प्रतियोगिता परीक्षा में स्कूली बच्चों को यातायात संकेतों,सड़क सुरक्षा नियमों,गति सीमा और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस विभाग की ओर से समय-समय पर सेमिनार और जागरूकता गोष्ठियां आयोजित की जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि बचपन सीखने का सबसे बेहतर समय होता है। इस उम्र में बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाए तो वे न केवल स्वयं नियमों की पालना करेंगे, बल्कि अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित कर सकेंगे।

तीन स्तरों पर होगी प्रतियोगिता

एसपी ने बताया कि यातायात नियमों पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता को विद्यार्थियों की कक्षाओं के अनुसार तीन स्तरों में आयोजित करवाया जाएगा । पहले स्तर में कक्षा 3 से 5 तक, दूसरे स्तर में कक्षा 6 से 8 तक तथा तीसरे स्तर में कक्षा 9 से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रतियोगिता के आगामी चरण उपमंडल और जिला स्तर पर आयोजित होंगे । इनमें प्रथम व द्वितीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर की परीक्षा की तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

एएसपी आदर्श दीप सिंह होंगे नोडल अधिकारी

पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि परीक्षा को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदर्श दीप सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचकर प्रबंधन को परीक्षा के संबंध में आवश्यक जानकारी देंगी और प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेंगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिक्षा विभाग के सहयोग से परीक्षा संबंधी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं । यह प्रतियोगिता पुलिस महानिरीक्षक हाईवे एवं यातायात हरियाणा, करनाल के आदेशानुसार आगामी 31 अगस्त को स्कूल एवं कॉलेजों में आयोजित करवाई जा रही है।

नियमों की जानकारी जीवनभर आती है काम

एसपी ने कहा कि सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों की जानकारी और उनकी पालना बेहद जरूरी है। बच्चों को यदि छोटी उम्र से ही हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने जैसी बातें सिखाई जाएं तो सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों की पालना करें और अपने आसपास के लोगों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें। सामूहिक जागरूकता और जिम्मेदारी से ही जिले की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित व सुदृढ़ बनाया जा सकता है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.