दर्दनाक हादसा: सोनभद्र के दुद्धी में मेला देखने जा रहे युवकों की बाइक ट्री गार्ड से टकराई, एक की हालत गंभीर
- रिपोर्ट: मनीष कुमार
दुद्धी(सोनभद्र)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जाबर स्थित एनएच-39 पर नई बैरियर से पहले शमशान घाट मोड़ के पास सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे एक बाइक पत्थर के ट्री गार्ड से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि महुली निवासी तीनों युवक दुद्धी मेला प्रदर्शनी देखने जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में विवेक को सिर और हाथ में चोटें आई हैं, जबकि विकास पनिका के सिर में गंभीर चोट और पैर में फ्रैक्चर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाइक चालक शिवा को मामूली चोटें आई हैं। परिजनों के अनुसार चालक शिवा और विकास नशे में थे। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया। मामले की जांच कोतवाली पुलिस कर रही है।
