जबोवाल में युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली दहशत

मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने किया हमला, वारदात के बाद हुए फरार

-पांच महीने के बच्चे के पिता मनजिंदर सिंह उर्फ मन्ना की अस्पताल ले जाते समय मौत

-डीएसपी बोले— सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी

  • रिपोर्ट: ललित शर्मा

जंडियाला गुरु के अधीन आने वाले गांव जबोवाल में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव में भय और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

मृतक की पहचान मनजिंदर सिंह उर्फ मन्ना के रूप में हुई है। वह विवाहित था और उसका पांच महीने का एक बच्चा भी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनजिंदर सिंह बीती रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

मृतक के मित्र साहिब सिंह मान ने बताया कि मनजिंदर सिंह की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने अचानक हमला किया और मौके का फायदा उठाते हुए फायरिंग कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान मनजिंदर सिंह को पांच गोलियां लगीं, जिनमें से चार उसकी पीठ और एक छाती में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

साहिब सिंह मान ने यह भी बताया कि इस घटना से गांव के लोग बेहद दुखी हैं और पूरे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा कि एक युवा व्यक्ति की इस तरह हत्या होना बेहद दुखद है और इससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

वहीं, मौके पर पहुंचे जंडियाला के डीएसपी बलजीत सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 10 बजे अज्ञात मोटरसाइकिल सवार व्यक्तियों ने मनजिंदर सिंह पुत्र अवतार सिंह पर फायरिंग की थी। पुलिस द्वारा मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

डीएसपी ने बताया कि पुलिस इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.