लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार, 8 सितंबर को अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में शामिल होंगे। राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में वह आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करने के साथ उन्हें सम्मानित भी करेंगे।
दोपहर 2:50 बजे अयोध्या पहुंचेंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन दोपहर 2:50 बजे राजकीय इंटर कॉलेज के हेलीपैड पर होगा। इसके बाद दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में वह आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे।
हनुमानगढ़ी और रामलला के करेंगे दर्शन
सम्मेलन के बाद मुख्यमंत्री 4:10 बजे हेलीकॉप्टर से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे। राम कथा पार्क हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर करीब 4:15 बजे पहुंचेगा।
इसके बाद मुख्यमंत्री 4:25 बजे हनुमानगढ़ी पहुंचकर दर्शन और पूजन करेंगे। फिर 4:45 बजे राम जन्मभूमि परिसर पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजन का कार्यक्रम है। इसके बाद मुख्यमंत्री 5:05 बजे हेलीकॉप्टर से अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना होंगे। वह करीब दो घंटे 15 मिनट अयोध्या में रहेंगे।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान जारी
उत्तर प्रदेश में बाढ़ की चुनौती के बीच योगी सरकार राहत और बचाव कार्यों पर भी लगातार जोर दे रही है। उत्तर प्रदेश राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार, अब तक 19,496 प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए अब तक 6.83 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.11 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। प्रशासन के अनुसार, बाढ़ से अब तक जनहानि शून्य है।
राहत कार्यों के लिए बड़ी संख्या में टीमें और नावें तैनात
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान के तहत अब तक 1,634 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। वहीं, प्रभावित इलाकों में 1,072 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं।
राहत और बचाव कार्यों में 2,161 नाव और मोटरबोट भी लगाई गई हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है।
सोमवार को 6,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
सरकार के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम जारी है। सोमवार को 6,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि कुल मिलाकर अब तक 19,496 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा चुका है।
प्रभावित लोगों के लिए 1,315 शरणालय स्थापित किए गए हैं। स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए अब तक 6.68 लाख क्लोरीन टैबलेट और 2.60 लाख से अधिक ORS पैकेट भी वितरित किए गए हैं।
क्षतिग्रस्त मकानों के प्रभावित परिवारों को मिल रही सहायता
बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों के मामलों में भी प्रभावित परिवारों को सहायता दी जा रही है। अब तक 1,490 मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है, जिनमें से 1,272 मामलों में सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।
इन जिलों में बाढ़ का असर
बाढ़ से प्रभावित जिलों में अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, संत कबीर नगर, रामपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी शामिल हैं।
