मेरठ में जलभराव बना काल: अंडरपास में डूबे तांगा चालक और घोड़ा, दोनों की मौत

  • रिपोर्ट: शाहबाज़ खान

मेरठ में लगातार हो रही बारिश के बाद जलभराव एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के बजौट अंडरपास में शनिवार सुबह करीब 10 फीट गहरे पानी में तांगा चालक और उसके घोड़े की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के गणेशपुरी खत्ता रोड निवासी 60 वर्षीय राकेश, पुत्र पूरन सिंह, एक डेयरी पर कर्मचारी थे। शनिवार सुबह वह घोड़ा-तांगा लेकर पशुओं के लिए चारा लेने निकले थे। जब वह बजौट अंडरपास पहुंचे तो वहां बारिश का पानी भरा हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अंडरपास में भरे पानी की वास्तविक गहराई का अंदाजा नहीं लग सका, जिससे तांगा सीधे गहरे हिस्से में उतर गया। देखते ही देखते तांगा चालक और घोड़ा दोनों पानी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही लोहियानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फफूंडा चौकी प्रभारी रामशरण राणा स्वयं पानी में उतरे और राहत अभियान चलाते हुए चालक के शव को बाहर निकलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। काफी प्रयास के बाद घोड़े को भी बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी भी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लगातार बारिश के बाद अंडरपास में हुए जलभराव को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.