सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब से जुड़ा वायरल वीडियो मामला: SGPC ने साइबर क्राइम सेल में एफआईआर दर्ज कराई

संगत से अपील: आस्था से खिलवाड़ करने वाली अफ़वाहों और वीडियो को आगे साझा न करें

अमृतसर: सच्चखंड श्री हरिमंदर साहिब से संबंधित एक वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (SGPC) सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई में आई है। समिति के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाला ने जानकारी देते हुए बताया कि शरारती तत्वों द्वारा फैलाए जा रहे इस वीडियो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सचिव मथरेवाला ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए 26 और 29 जनवरी को साइबर क्राइम विभाग में शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि इस वीडियो को बनाने और वायरल करने वाले व्यक्ति की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी सिख संस्थाओं या धार्मिक आस्था को ठेस न पहुंचा सके।

मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने संगत को सतर्क करते हुए कहा कि जब भी श्री दरबार साहिब या किसी भी धार्मिक मर्यादा से संबंधित कोई संदिग्ध वीडियो सामने आए, तो उस पर आंख मूंदकर विश्वास न करें। उन्होंने कहा, “संगत से विनम्र निवेदन है कि ऐसी वीडियो आगे साझा न करें। साझा करने से अफ़वाहों को बढ़ावा मिलता है और संगत में गलत संदेश जाता है, जिससे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचती है।”

SGPC सचिव ने आगे कहा कि किसी भी सूचना या संदेश की सच्चाई जानने के लिए संगत को सीधे शिरोमणि समिति के मुख्य कार्यालय (हेड ऑफिस) से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संस्था धार्मिक आस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तत्व को बख्शेगी नहीं।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.