Divisional Commissioner: जलापूर्ति में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई, मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने तीनों जिलों के अधिकारियों को दी चेतावनी
Divisional Commissioner Rajesh Prakash: विन्ध्याचल मण्डल के मण्डलायुक्त राजेश प्रकाश ने जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पानी पहुंचाने में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मीरजापुर, सोनभद्र और भदोही के जल निगम अधिकारियों को चेतावनी दी कि जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। बार-बार शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर लापरवाही करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए।
मण्डलायुक्त ने बुधवार को आयुक्त सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीनों जनपदों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें जल जीवन मिशन, निर्माणाधीन सड़कें, वन भूमि से प्रभावित परियोजनाएं, सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग, राजस्व वसूली, चकबंदी और कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई।
Divisional Commissioner: जल जीवन मिशन की शिकायतों पर जताई नाराजगी
मण्डलायुक्त ने कहा कि कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने और जलापूर्ति के दौरान लीकेज तथा पाइप फटने जैसी समस्याओं की शिकायतें मिल रही हैं। इसके कारण सभी घरों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर स्थायी समाधान किया जाए और शत-प्रतिशत घरों तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Divisional Commissioner: मतवार और तिलहर संपर्क मार्ग के निर्माण में तेजी के निर्देश
सड़कों और अन्य निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने मीरजापुर के हलिया विकासखंड स्थित मतवार संपर्क मार्ग, सोनभद्र के तिलहर संपर्क मार्ग और अन्य निर्माणाधीन सड़कों का काम तेजी से पूरा कराने को कहा। बकहर नदी पर प्रस्तावित लघु सेतु के निर्माण में वन भूमि से संबंधित बाधाओं को दूर करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने बकहर नदी के मामले में प्रभागीय वनाधिकारी, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम से जांच कराकर भूमि विवाद का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिन सड़कों की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका निर्माण तत्काल शुरू कराने और गड्ढामुक्त अभियान के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश भी दिए गए।
बजट के अभाव में लंबित परियोजनाओं के संबंध में अधिकारियों को मुख्यालय स्तर पर पैरवी कर धनराशि उपलब्ध कराने को कहा गया। मण्डलायुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अधिशासी अभियंताओं को स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण करना होगा।
Divisional Commissioner: सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने की चेतावनी
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए मण्डलायुक्त ने खराब रैंकिंग वाले विभागों के अधिकारियों को अक्टूबर माह की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवंबर में होने वाली समीक्षा बैठक में रैंकिंग खराब मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और शासन को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने मीरजापुर में फैमिली आईडी और प्रोजेक्ट अलंकार, सोनभद्र में आईसीडीएस पोषण अभियान तथा तीनों जनपदों में नई सड़कों के निर्माण, ओडीओपी योजना, श्रम सम्मान योजना सहित भदोही में सामूहिक विवाह और अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति सुधारने पर विशेष जोर दिया।
Divisional Commissioner: राजस्व वसूली और कानून व्यवस्था पर भी निर्देश
मण्डलायुक्त ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। राजस्व वादों तथा चकबंदी के मामलों का भी समयबद्ध निस्तारण करने को कहा गया।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान महिला उत्पीड़न, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर, अवैध शराब की बिक्री और अवैध खनन से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराधियों और भू-माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद और पैमाइश से जुड़े मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर पहुंचकर समाधान करने को कहा गया, ताकि छोटे विवाद गंभीर घटनाओं में न बदलें। बीट पुलिसकर्मियों और लेखपालों को गांवों में नियमित भ्रमण करने तथा आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त रमेश चन्द्र, अपर आयुक्त राज कुमार द्विवेदी, उप निदेशक अर्थ एवं संख्या राम नरायन यादव, तीनों जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी, पुलिस अधिकारी और संबंधित विभागों के मंडलीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
UP Ranji Team Captain: आर्यन जुयाल को यूपी रणजी टीम का कप्तान चुने जाने पर मिल रही बधाइयां
