साइबर ठगी से सतर्कता जरूरी — रामपुर पुलिस का जागरूकता अभियान जारी

डिजिटल अरेस्ट और साइबर अपराध के खिलाफ आमजन को किया जा रहा जागरूक

रामपुर, 16 जुलाई 2025। पुलिस अधीक्षक रामपुर श्री विद्यासागर मिश्र के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक श्री अतुल कुमार श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में जनपद भर में साइबर अपराध रोकथाम व बचाव हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत थाना गंज, बिलासपुर, मिलक, अजीमनगर, पटवाई तथा टांडा पुलिस द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्कूलों व कॉलेजों में जाकर डिजिटल अरेस्ट व साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी गई।

 रजा डिग्री कॉलेज व अन्य शिक्षण संस्थानों में हुआ जागरूकता कार्यक्रम
15 जुलाई को गंज व बिलासपुर थाना पुलिस ने रजा डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न स्थानों पर छात्रों को साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दी। उन्हें यह बताया गया कि सोशल मीडिया पर किसी भी संदेश या लिंक को बिना जांचे-परखे न खोलें और न ही शेयर करें।

साथ ही सभी को यह जागरूक किया गया कि साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत “1930” हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।

  आकस्मिक निरीक्षण व पैदल गश्त
इसी दिन पुलिस अधीक्षक रामपुर व अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना टांडा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपराध रजिस्टर, विवेचना रजिस्टर, ई-मालखाना, कंप्यूटर कक्ष, महिला हेल्प डेस्क आदि की स्थिति का जायज़ा लिया गया। थाने की साफ-सफाई और डिजिटल प्रविष्टियों की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया गया।

इसके अलावा टांडा क्षेत्र में भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई जिससे जनमानस में सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जा सके।

 मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक
16 जुलाई को थाना शहजादनगर पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं व बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम से बचाव तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। इस दौरान 1090 (वुमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों के उपयोग की जानकारी साझा की गई।

जनहित में संदेश
रामपुर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल या संदेश से सतर्क रहें और किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें।

“रामपुर पुलिस आपकी सेवा में सदैव तत्पर”

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.