- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: थाना भेलूपुर पुलिस ने फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर करीब 16.62 करोड़ रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित अभियुक्त को कोलकाता से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराधों की रोकथाम एवं वांछित/फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने 9 अगस्त 2026 को करीब 1:15 बजे कोलकाता स्थित LYTTON HOTEL, 14 एवं 14/1 सडर स्ट्रीट से अभियुक्त डा. अमित कुमार सिंह यादव (54 वर्ष) को हिरासत में लिया।
अभियुक्त लखनऊ के इंदिरानगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू नारायण नगर का निवासी बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में जमीन से संबंधित फर्जी और कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर शिकायतकर्ता से ₹16,62,49,000 की धोखाधड़ी/गबन करने का आरोप है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस संबंध में थाना भेलूपुर में मु0अ0सं0 0485/2025 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 352 और 351(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
