Badaun: पवित्र श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बदायूं में निःशुल्क प्राथमिक उपचार एवं औषधि वितरण की व्यवस्था शुरू की गई है। औषधि निरीक्षक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, बदायूं के निर्देशन में समस्त दवा विक्रेताओं और केमिस्ट एसोसिएशन के सहयोग से 6 चार पहिया और 12 दो पहिया वाहनों को कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्गों के लिए रवाना किया गया।
कलेक्ट्रेट कैंपस, बदायूं से उपजिलाधिकारी न्यायिक कुमार चन्द्र बाबू और औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। ये वाहन अपने निर्धारित कांवड़ यात्रा मार्गों पर पहुंचकर कांवड़ यात्रियों को निःशुल्क प्राथमिक उपचार और आवश्यक औषधियां उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान शिव स्वरूप गुप्ता, अखिल रस्तोगी, प्रकाश, जितेन्द्र और गौरव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
उझानी में औषधि शिविर का उद्घाटन
कांवड़ यात्रियों के लिए कल्याण सिंह चौक, उझानी में भी निःशुल्क प्राथमिक उपचार एवं औषधि वितरण शिविर लगाया गया। शिविर का उद्घाटन कुमार चन्द्र बाबू और औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद ने फीता काटकर किया। यहां कांवड़ यात्रियों को जरूरत के अनुसार निःशुल्क प्राथमिक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उद्घाटन के अवसर पर अवधेश गोयल, शिव स्वरूप गुप्ता, मोहित अग्रवाल, प्रदीप साहू, डॉ. हबीब कादरी और डॉ. दीपक सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
कछला में भी दो स्थानों पर शिविर
कछला में सोनू मेडिकल स्टोर और एकता मेडिकल स्टोर पर भी निःशुल्क चिकित्सा एवं औषधि वितरण शिविर लगाए गए हैं। इन शिविरों में कांवड़ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक दवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इस दौरान उपजिलाधिकारी न्यायिक कुमार चन्द्र बाबू, औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद और केमिस्ट एसोसिएशन कछला के पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह पहल श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान तत्काल स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।
