Interim Bail: अमृतपाल सिंह की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई टली, पंजाब सरकार से अदालत ने मांगा जवाब
Amritpal Singh Interim Bail: डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह खालसा की अंतरिम जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई है। उनकी दादी माता चरण कौर के निधन के बाद अंतिम संस्कार और धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अदालत से राहत मांगी गई है। इस मामले में सरदार हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह की ओर से भी मानवीय आधार पर अंतरिम जमानत की मांग की गई है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एडीजे) महेश कुमार की अदालत ने पंजाब सरकार को अपना जवाब दाखिल करने के लिए कल तक का समय दिया है। अधिवक्ता कर्मवीर सिंह के मुताबिक, सरकार का जवाब आने के बाद अदालत में मामले पर आगे बहस होगी।
Interim Bail: दादी के अंतिम संस्कार के लिए 14 से 17 नवंबर तक मांगी जमानत
अधिवक्ता कर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का निधन हो गया है। परिवार में होने वाले धार्मिक और अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए 14 से 17 नवंबर तक की सीमित अवधि के लिए अंतरिम जमानत मांगी गई है।

उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को अंतिम संस्कार, 15 नवंबर को अस्थियों के जल प्रवाह और श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ का कार्यक्रम निर्धारित है। वहीं, 17 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब का भोग और अंतिम अरदास होनी है।
Interim Bail: अमृतपाल के साथ हरजीत सिंह और सुखमनदीप के लिए भी राहत की मांग
अधिवक्ता ने बताया कि अमृतपाल सिंह के साथ हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह के लिए भी मानवीय आधार पर अंतरिम जमानत की गुहार लगाई गई है। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक गतिविधि का मामला नहीं, बल्कि परिवार में हुई दुखद घटना है।
कर्मवीर सिंह ने दलील दी कि परिवार के ऐसे कठिन समय में सदस्यों की मौजूदगी बेहद जरूरी होती है। उनके मुताबिक, पारिवारिक परिस्थितियों में कैदियों को भी मानवीय आधार पर पैरोल या अंतरिम राहत देने का प्रावधान है। इसलिए उन्हें उम्मीद है कि राज्य सरकार इस मामले में सकारात्मक रुख अपनाएगी।
Interim Bail: जमानत नहीं मिली तो अंतिम संस्कार पर क्या होगा फैसला?
अंतिम संस्कार को लेकर पूछे गए सवाल पर अधिवक्ता कर्मवीर सिंह ने कहा कि यदि अदालत से जमानत नहीं मिलती है तो अंतिम संस्कार की रस्मों को आगे बढ़ाने या टालने के संबंध में कोई भी निर्णय अदालत के फैसले के बाद ही लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह, हरजीत सिंह और सुखमनदीप सिंह का परिवार के बीच मौजूद रहना बेहद जरूरी है, ताकि वे अंतिम संस्कार और धार्मिक परंपराओं में शामिल हो सकें।
Interim Bail: पहले भी वीडियो कॉल की अनुमति नहीं देने का लगाया आरोप
अधिवक्ता कर्मवीर सिंह ने प्रशासन के पिछले रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि जब माता चरण कौर गंभीर रूप से बीमार थीं, तब भी अमृतपाल सिंह की ओर से राहत के लिए अदालत में याचिका दायर की गई थी।
वकील के अनुसार, उस समय सरकार ने राहत का विरोध किया था, लेकिन अदालत ने 10 मिनट की वीडियो कॉल की अनुमति दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अदालत के आदेश के बावजूद समय पर वीडियो कॉल नहीं करवाई और करीब 15 दिन बाद, जब माता चरण कौर अचेत हो गईं, तब कॉल करवाने की बात कही गई।
Interim Bail: अदालत के फैसले पर टिकी सभी की निगाहें
कर्मवीर सिंह ने कहा कि अमृतपाल सिंह पंजाब, पंथ, पंजाबियत और नशे के खिलाफ अपनी आवाज उठाते रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि इस दुखद पारिवारिक परिस्थिति में भी राहत नहीं मिलती है तो लोगों के बीच भेदभावपूर्ण व्यवहार का संदेश जा सकता है।
फिलहाल अदालत ने पंजाब सरकार से जवाब मांगा है। सरकार का पक्ष सामने आने के बाद अंतरिम जमानत याचिका पर आगे सुनवाई होगी। अब सभी की निगाहें अदालत के अगले फैसले पर टिकी हैं।
