देहरादून : उत्तराखंड बना स्वतंत्र भारत में UCC लागू करने वाला पहला राज्य, सीएम धामी ने किया पोर्टल का उद्घाटन

उत्तराखंड में लागू हुआ समान नागरिक संहिता (UCC)

देहरादून : उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में राज्य सरकार ने सोमवार को स्वतंत्र भारत में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने वाला पहला राज्य बनने का गौरव प्राप्त किया। इस निर्णय के तहत, मुख्यमंत्री धामी ने एक विशेष पोर्टल का उद्घाटन किया, जिससे इस कानून के पालन और संबंधित प्रक्रियाओं को आसानी से मॉनिटर किया जा सकेगा।

सीएम धामी ने उद्घाटन किया UCC पोर्टल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में एक समारोह के दौरान इस पोर्टल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्रियों, सांसदों और अधिकारियों की उपस्थिति रही। UCC के तहत पोर्टल का लिंक – ucc.uk.gov.in है। इस पोर्टल के माध्यम से लिव इन रिलेशनशिप के रजिस्ट्रेशन और उसे समाप्त करने के बारे में जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। साथ ही, UCC कानून को हिन्दी और अंग्रेजी में उपलब्ध कराया गया है।

सोशल मीडिया पर CM का संदेश
कानून लागू होने और पोर्टल के उद्घाटन के बाद, सीएम धामी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा, “समानता और समरसता के नए युग का आरंभ! माँ गंगा की उद्गम स्थली देवभूमि उत्तराखण्ड से समानता की अविरल धारा प्रवाहित हो चुकी है। उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता कानून लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन चुका है।”

पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और सर्टिफिकेट प्रक्रिया
इस पोर्टल पर राज्य के निवासी अपनी जानकारी को रजिस्टर कर सकते हैं और सर्टिफिकेट डाउनलोड या वेरिफाई कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल पर “Apply Now” पर क्लिक करना होगा। UCC ID प्राप्त करने के लिए आधार नंबर या आधार की वर्चुअल ID की जानकारी देनी होगी। इसके बाद एक OTP भेजा जाएगा, जिसे वेरिफाई कर रजिस्ट्रेशन पूरा किया जा सकेगा।

ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा
अगर किसी के पास आधार कार्ड नहीं है, तो वह ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन भी कर सकता है। इसके लिए मोबाइल नंबर की जरूरत होगी, जिस पर OTP भेजा जाएगा और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस सुविधा के माध्यम से हर व्यक्ति को समान नागरिक संहिता के अंतर्गत अपना पंजीकरण कराने की सुविधा मिलेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.