- रिपोर्ट: शाहबाज़ खां
Lucknow: उत्तर प्रदेश में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। लखनऊ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत की सूचना के बाद प्रदेश के सभी 75 जिलों को निगरानी और तैयारियां मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और प्रदेशभर के मेडिकल संस्थानों के साथ समीक्षा बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। बैठक में स्वाइन फ्लू के संभावित मामलों की निगरानी, जांच और उपचार को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अस्पतालों में एंटीवायरल दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
विभाग ने विशेष रूप से गंभीर सांस संबंधी लक्षण वाले मरीजों पर नजर रखने और ऐसे मामलों में तुरंत जांच एवं समय पर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
लोगों से अफवाहों से बचने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वाइन फ्लू को लेकर फैलने वाली अफवाहों से बचने की अपील की है। विभाग के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण दिखाई देते हैं तो बिना देरी किए चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग ने जिलों को निगरानी व्यवस्था मजबूत रखने और किसी भी संदिग्ध या गंभीर मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
