ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रक ड्राइवर हिरासत में

रामपुर: सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को बुरी तरह टक्कर मार दी। यह हादसा उस वक्त हुआ जब बाइक सवार अपनी साइड से जा रहा था, और दूसरी साइड से आ रहे ट्रक ने डिवाइडर पर चढ़कर बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से बाइक सवार युवक की दोनों टांगें टूट गईं और वह बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद युवक सड़क पर तड़पता रहा, लेकिन वहां मौजूद लोग केवल तमाशा देखते और वीडियो बनाते रहे, किसी ने उसकी मदद नहीं की।

सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बरेली रेफर कर दिया गया। घायल युवक रामपुर के पहाड़ी गेट इलाके का रहने वाला है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। ट्रक ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है। थाना सिविल लाइन के इंस्पेक्टर अजय मिश्रा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और ड्राइवर हिरासत में है। पुलिस ने घायल युवक के परिवार को भी घटना की सूचना दे दी, जिसके बाद परिवार के लोग युवक को बरेली ले गए।

फिलहाल, युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसका इलाज बरेली के अस्पताल में चल रहा है।

 

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.