Amritsar Airport Runway:अमृतसर एयरपोर्ट पर रात 10 बजे तक उड़ानों पर लगी रोक हटी, रनवे की रीकार्पेटिंग पूरी

3,658 मीटर रनवे की तकनीकी जांच के बाद उड़ानों की आवाजाही सामान्य, आधुनिक LED लाइटिंग भी शुरू

Amritsar Airport Runway: श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रनवे की रीकार्पेटिंग और आधुनिकीकरण के चलते उड़ानों पर रात 10 बजे तक लगाई गई रोक अब हटा दी गई है। फिलहाल एयरलाइंस की उड़ानें पूरी तरह सामान्य रूप से संचालित नहीं हुई हैं, लेकिन विंटर शेड्यूल लागू होने के बाद उड़ानों की आवाजाही पहले की तरह सामान्य होने की उम्मीद है।

एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से अप्रैल से लेकर 27 सितंबर तक प्रतिदिन करीब आठ घंटे के लिए रनवे को पूरी तरह बंद रखा गया था। इस दौरान एयरलाइंस को अपनी उड़ानों के शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा। एयरपोर्ट के निदेशक एका शर्मा ने बताया कि विकास कार्यों के चलते रनवे को बंद रखा गया था, जिसे अब दोबारा बहाल कर दिया गया है।

दरअसल, श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के 3,658 मीटर लंबे रनवे की रीकार्पेटिंग और आधुनिक एलईडी लाइटिंग का काम अप्रैल में शुरू किया गया था। तय मानकों के अनुसार करीब छह साल बाद रनवे की रीकार्पेटिंग जरूरी होती है, जबकि एयरपोर्ट के रनवे की रीकार्पेटिंग करीब आठ वर्ष बाद की जा रही थी।

रनवे के आधुनिकीकरण के दौरान तकनीकी सुरक्षा मानकों पर भी विशेष ध्यान दिया गया। आधुनिक एलईडी लाइटिंग लगाए जाने से रनवे की रोशनी व्यवस्था पहले के मुकाबले बेहतर हुई है। इससे रात के समय विमानों के संचालन में भी सुविधा और सुरक्षा बढ़ेगी।

अमेरिका-ईरान युद्ध का भी पड़ा असर

रनवे के विकास कार्यों के दौरान पहले से ही उड़ानों के संचालन में बदलाव किया गया था। इसी बीच अमेरिका-ईरान-इजरायल युद्ध के कारण विटमिन की कमी का सामना भी करना पड़ा, जिसके चलते कुछ उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। इससे यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ा।

अब रनवे का काम पूरा होने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से उड़ानों के सामान्य संचालन की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं। विंटर शेड्यूल लागू होने के बाद उड़ानों की आवाजाही पहले की तरह नियमित होने की उम्मीद है।

आधुनिक एलईडी सिस्टम से निगरानी आसान

एयरपोर्ट पर इंडिविजुअल लैंप कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (आईएलसीएमएस) भी लगाया गया है। इस सिस्टम की मदद से यह पता लगाया जा सकेगा कि रनवे की कौन-सी लाइट काम नहीं कर रही है। पहले लाइटों की मैन्युअल जांच करनी पड़ती थी, जिसमें काफी समय लगता था।
अब आधुनिक सिस्टम के कारण खराब लाइट की पहचान आसानी से हो सकेगी और उसे जल्द ठीक किया जा सकेगा। एयरपोर्ट पर पुरानी लाइटों की जगह आधुनिक एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। खास तौर पर धुंध के मौसम में इन लाइटों की नियमित जांच बेहद महत्वपूर्ण होगी।
रनवे की रीकार्पेटिंग और आधुनिक सुविधाओं से अमृतसर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने के साथ-साथ भविष्य में बढ़ने वाली हवाई यातायात की जरूरतों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.