लखीसराय में महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित

बेटी बचाओ,बेटी पढ़ाओ’ योजना के तहत 30 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का होगा चयन, एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण भी मिलेगा

लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने और बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से गांधी मैदान, लखीसराय में महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का ट्रायल आयोजित किया गया। यह ट्रायल बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत कराया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जिले की प्रतिभाशाली बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है।

जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने बताया कि ट्रायल के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों से आई महिला क्रिकेट खिलाड़ियों में से 30 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया अनुभवी प्रशिक्षकों और खेल विशेषज्ञों की देखरेख में पारदर्शी तरीके से पूरी कराई जाएगी।

चयनित खिलाड़ियों को जिला क्रिकेट एसोसिएशन, लखीसराय की ओर से एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण शिविर भी दिया जाएगा, जिसमें बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग और फिटनेस सहित क्रिकेट की तकनीकी बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण शिविर के बाद चयनित खिलाड़ियों की जिला स्तरीय महिला क्रिकेट टीम तैयार की जाएगी, जो राज्य स्तर पर आयोजित प्रतिष्ठित हेमंत ट्रॉफी में लखीसराय जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। इस पहल का उद्देश्य जिले की बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने और आगे बढ़ने का अवसर देना है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.