मनरेगा के अपूर्ण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश

डीएम ने की योजनाओं की समीक्षा, आधार सीडिंग-ई-केवाईसी और निर्माण कार्यों की प्रगति पर दिया जोर

लखीसराय(सरफराज आलम) जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत पूर्व वर्षों के अपूर्ण कार्यों को पूरा कराने को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिले के सभी प्रखंडों में संचालित मनरेगा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान प्रखंडवार कार्यों की स्थिति, श्रमिकों की उपस्थिति, आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी की प्रगति के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता का आकलन किया गया। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण, जियो-बिल्डिंग स्टेटस तथा प्रखंड स्तरीय भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केंद्र सह मनरेगा भवन के निर्माण कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

डीएम ने निर्देश दिया कि पूर्व वर्षों के अपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए तथा सभी योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि लाभार्थियों और श्रमिकों का आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी समय पर पूरा किया जाए, ताकि भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न हो।

बैठक में “हर खेत तक सिंचाई का पानी” योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालय निर्माण से संबंधित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण नीरज कुमार, निदेशक NEP नीरज आनंद, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.