नई दिल्ली: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में काम का दबाव और पर्सनल लाइफ की परेशानियां लोगों पर भारी पड़ रही हैं। इसका सीधा असर मानसिक स्वास्थ्य पर देखने को मिल रहा है। कई लोग तनाव को ही इसका मुख्य कारण मानते हैं, लेकिन असल में हमारी रोज़ की कुछ आदतें भी धीरे-धीरे दिमाग को नुकसान पहुंचा रही होती हैं, जिन पर अक्सर ध्यान नहीं जाता।
मेंटल हेल्थ बिगाड़ने वाली 5 आदतें
1. अनहेल्दी खान-पान
जंक फूड और प्रोसेस्ड चीजों का ज्यादा सेवन शरीर के साथ-साथ दिमाग पर भी नकारात्मक असर डालता है। यह धीरे-धीरे शरीर को कमजोर करता है और मानसिक संतुलन को प्रभावित करता है। घर का बना संतुलित और पौष्टिक भोजन दिमाग और शरीर दोनों के लिए फायदेमंद होता है।
2. नींद की कमी
पर्याप्त नींद न लेना मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। देर रात तक जागने की आदत दिमाग की कार्यक्षमता को कम करती है और दिनभर थकान, चिड़चिड़ापन और फोकस की कमी महसूस होती है।
3. शारीरिक गतिविधि की कमी
लंबे समय तक एक जगह बैठे रहना और फिजिकल एक्टिविटी से दूरी बनाना मानसिक और शारीरिक दोनों स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। रोजाना वॉक, योग या हल्की एक्सरसाइज दिमाग को एक्टिव और फ्रेश बनाए रखने में मदद करती है।
4. स्मोकिंग और अल्कोहल का सेवन
धूम्रपान और शराब की आदत दिमाग और शरीर दोनों के लिए बेहद नुकसानदायक है। इससे दिमाग तक ऑक्सीजन की सप्लाई प्रभावित होती है, जो लंबे समय में गंभीर समस्याएं पैदा कर सकती है। इन आदतों से दूरी बनाना बेहद जरूरी है।
5. अत्यधिक तनाव लेना
लगातार तनाव में रहना दिमाग की सोचने-समझने की क्षमता को प्रभावित करता है। ज्यादा चिंता और ओवरथिंकिंग मानसिक स्वास्थ्य को कमजोर बना सकती है। इसलिए खुद को व्यस्त रखें और सकारात्मक गतिविधियों में समय बिताएं।
छोटी आदतों में बदलाव, बड़ा असर
अगर आप अपनी मानसिक सेहत को बेहतर रखना चाहते हैं, तो इन छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाना बेहद जरूरी है। सही खान-पान, पर्याप्त नींद, नियमित व्यायाम और सकारात्मक सोच अपनाकर आप अपने दिमाग को स्वस्थ और तनावमुक्त रख सकते हैं।
