शादी में डीजे ले जाने से पहले सोच लें, मॉडिफाइड गाड़ियों की जब्ती व भारी जुर्माने का आदेश

लखीसराय(सरफराज आलम)जिले में सड़कों पर बढ़ते ध्वनि प्रदूषण और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने वाहनों पर डीजे लादकर चलने या बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। जिला परिवहन कार्यालय की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) ने बताया कि यह निर्णय Motor Vehicles Act के प्रावधानों के तहत लिया गया है। वाहनों में अवैध रूप से मॉडिफिकेशन कर ऊंचे लोहे के स्ट्रक्चर पर डीजे सेट लगाना कानून का उल्लंघन है। इससे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलता है, बल्कि अन्य चालकों का ध्यान भटकने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

चेकिंग अभियान के दौरान यदि कोई वाहन डीजे बजाते या ले जाते पाया गया तो उसे तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। संबंधित वाहन मालिक और चालक पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। बार-बार नियम तोड़ने की स्थिति में वाहन का निबंधन रद्द करने और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें। साथ ही शादी-विवाह या अन्य समारोहों में वाहनों पर डीजे बुकिंग से बचने का आग्रह किया गया है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.