पेयजल संकट को लेकर युवा किसानों का धरना छठे दिन भी जारी, 20 हजार लोगों के लिए स्वच्छ पानी की मांग
Ellenabad Farmers: ऐलनाबाद में चार गांवों को पेयजल उपलब्ध कराने की मांग पर युवा किसानों का धरना छठे दिन भी जारी है। जलघरों में केवल 35-40 प्रतिशत पानी पहुंचने पर दो दिन अतिरिक्त नहर चलाने की मांग की गई।
Ellenabad Farmers Protest for Drinking Water: (एमपी भार्गव) हरियाणा के ऐलनाबाद क्षेत्र में ढाणी शेरावाली भाखड़ा डिस्ट्रीब्यूटरी की टेल पर बसे चार गांवों में पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को लेकर युवा किसानों का रात्रिकालीन धरना छठे दिन भी जारी रहा। मिठनपुरा नहर पुल पर भयंकर ठंड और सर्द हवाओं के बीच कुलदीप मुंदलिया एवं नौरंग लाल भांभू धरने पर डटे हुए हैं। दोनों युवा किसानों की मांग है कि चारों गांवों के जलघरों के टैंक पूरी तरह भरे जाएं, ताकि करीब 20 हजार लोगों को पर्याप्त स्वच्छ पेयजल मिल सके।
छह दिनों से धरने पर बैठे युवा किसान, ठंड में भी नहीं डिगे हौसले
मिठनपुरा नहर पुल पर चल रहा यह धरना केवल पानी की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों ग्रामीणों, पशुधन और आने वाली पीढ़ियों के लिए पेयजल उपलब्ध कराने की मांग से जुड़ा है। युवा किसान कुलदीप मुंदलिया और नौरंग लाल भांभू ने कहा कि वे संविधान और शहीद भगत सिंह के विचारों से प्रेरित हैं। वे कानून का पालन करते हुए लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं।
दोनों किसानों ने स्पष्ट किया कि संख्या भले ही कम हो, लेकिन उनका संकल्प मजबूत है। चारों गांवों के जलघरों के टैंक पूरी तरह भरवाने तक उनका शांतिपूर्ण धरना जारी रहेगा।
जलघरों में केवल 35 से 40 प्रतिशत पानी, दो दिन अतिरिक्त नहर चलाने की मांग
युवा किसानों के अनुसार, 29 नवंबर की सुबह तक मिली जानकारी में चारों गांवों के जलघरों के टैंक केवल 35 से 40 प्रतिशत तक ही भरे थे। पेयजल की आवश्यकता को देखते हुए यह मात्रा पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने नहरी विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि भाखड़ा नहर को निर्धारित अवधि 29 नवंबर के बाद दो दिन अतिरिक्त चलाया जाए, ताकि टेल के अंतिम चारों गांवों के जलघरों में पर्याप्त पानी पहुंच सके।
चार गांवों के ग्रामीणों और दूसरे राज्यों के किसान साथियों का समर्थन
धरने को किशनपुरा, मिठनपुरा, ढाणी शेरावाली और कर्मशाना के ग्रामीणों के साथ हरियाणा, राजस्थान और पंजाब के किसान साथियों का भी समर्थन मिल रहा है। कई किसान फोन के माध्यम से दोनों युवाओं का हौसला बढ़ा रहे हैं।
कर्मशाना से चेतराम झौरड़, राजेंद्र मुंदलिया, हनुमान सहू, राकेश कसवां और विक्रम सेन, किशनपुरा से मोहनलाल चौहान और काशीराम सहारण तथा मिठनपुरा से जगतार सिंह संरा, वेद पूनिया और नरेश रूहिल सहित अनेक ग्रामीणों ने धरने का समर्थन किया।
ग्रामीणों का कहना है कि छह दिनों से कड़ाके की ठंड में धरने पर बैठकर हजारों लोगों के लिए पानी की मांग करना सराहनीय प्रयास है।
चार महीने से पेयजल संकट, उच्च टीडीएस वाला पानी पीने को मजबूर ग्रामीण
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले करीब चार महीनों से क्षेत्र में पेयजल की समस्या बनी हुई थी। मजबूरी में लोगों को उच्च टीडीएस वाला भूजल पीना पड़ रहा था। ग्रामीणों का दावा है कि खारे और दूषित पानी के कारण कई परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नहर में पानी पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने दोनों युवा किसानों के प्रयासों की सराहना की। उनका कहना है कि यह संघर्ष किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि चार गांवों की लगभग 20 हजार आबादी को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए किया जा रहा है।
टैंक पूरी तरह भरने तक जारी रहेगा शांतिपूर्ण धरना
युवा किसानों ने दोहराया कि जब तक चारों गांवों के जलघरों के टैंक पूरी तरह नहीं भर जाते, तब तक उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने नहरी विभाग और जिला प्रशासन से ग्रामीणों की पेयजल समस्या को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
