गांव वसुपुरा को जाने वाली सड़क बदहाल, राहगीरों और गन्ना किसानों को हो रही भारी परेशानी

  • रिपोर्ट:हरिश चंद्र

 मानपुर नगरिया से सहावर की ओर जाने वाली दो पट्टी सड़क से निकलने वाला लिंक मार्ग, जो गांव वसुपुरा को जोड़ता है, इन दिनों पूरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। सड़क पर जगह-जगह खाई और गड्ढे बन गए हैं, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो गया है। मार्ग के कई हिस्से टूट चुके हैं, जिसके कारण राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस रास्ते से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। खासकर विद्यालय जाने वाले बच्चों के लिए यह मार्ग खतरे का सबब बन गया है। कई स्थानों पर गड्ढे इतने गहरे हैं कि साइकिल के पहिए फिसल जाने से बच्चों के गिरकर घायल होने की आशंका बनी रहती है।

यह क्षेत्र तराई क्षेत्र में आता है, जहां गन्ने की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। पास में ही गन्ना शुगर मिल स्थित है, जहां किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली और बैलगाड़ी के माध्यम से गन्ना पहुंचाते हैं। लेकिन सड़क की खराब हालत के कारण गन्ना ढुलाई में भारी दिक्कतें आ रही हैं। कई बार भारी भरकम ट्रॉलियां और बैलगाड़ियां गड्ढों में फंसकर पलट जाती हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

गन्ना किसान केपी सोलंकी ने बताया कि यह मार्ग दो पट्टी रोड से वसुपुरा होते हुए रोशन नगर, दीपपुर और अन्य गांवों को जोड़ता है। इस सड़क पर आवागमन का दबाव काफी अधिक रहता है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। नतीजतन क्षेत्रवासियों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों और किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि राहगीरों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके और किसानों को गन्ना ढुलाई में राहत मिल सके।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.