भीषण गर्मी की चपेट में देश, दुनिया के सबसे गर्म शहरों में भारत के 35 शहर शामिल

देशभर में भीषण गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले एक हफ्ते तक तापमान में किसी बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। हालांकि पहाड़ी इलाकों में जल्द राहत मिलने के संकेत दिए गए हैं। गर्मी की गंभीर स्थिति को देखते हुए कई राज्यों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है।

एक्यूआई डॉट इन के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया के 50 सबसे गर्म स्थानों में भारत के 35 शहर शामिल हैं। इनमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई, चंद्रपुर, नागपुर, बांदा, अकोला, बुरहानपुर, अमरावती, नोएडा, सोनीपत, गाजियाबाद और गुरुग्राम जैसे शहर शामिल हैं। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। कई राज्यों में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं या विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने नागरिकों से अपील की है कि बेहद जरूरी होने पर ही दिन में घर से बाहर निकलें। उन्होंने बताया कि राज्य के अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अस्पतालों में अतिरिक्त बेड सुरक्षित किए गए हैं और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

सबसे गर्म शहरों में शामिल प्रयागराज में गर्मी के साथ-साथ कुत्तों के हमलों की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अत्यधिक गर्मी और पानी-खाने की कमी के कारण जानवर आक्रामक हो रहे हैं। पशु चिकित्सा एवं पशु कल्याण विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जानवरों के लिए पानी और खाने की व्यवस्था करें।

उत्तर प्रदेश का बांदा शहर भी सबसे गर्म स्थानों में शामिल है। यहां प्रशासन द्वारा लोगों को राहत देने के लिए कूलिंग सेंटर और प्याऊ की व्यवस्था की गई है।

वहीं राजस्थान और झारखंड में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। राजस्थान के सीकर में दोपहर के समय सड़कें लगभग सुनसान दिखाई दे रही हैं। झारखंड के गढ़वा जिले में भीषण गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

About The Author

Leave A Reply

Your email address will not be published.